मंगला एक्सप्रेस में खाना खाते ही बिगड़ी बच्चों की तबीयत, 20 छात्र बीमार
उल्टी और बेचैनी की शिकायत के बाद खंडवा में 40 मिनट रुकी ट्रेन, डॉक्टरों ने दिया प्राथमिक उपचार

खंडवा। दिल्ली से केरल जा रही मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस में शुक्रवार रात अचानक अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन में सफर कर रहे करीब 15 से 20 स्कूली बच्चों की तबीयत एक के बाद एक बिगड़ने लगी। बच्चों को उल्टी, जी मिचलाने और बेचैनी की शिकायत हुई। बताया जा रहा है कि कुछ बच्चों ने इटारसी स्टेशन के बाद ट्रेन की पेंट्री कार से खाना खाया था। इसके कुछ देर बाद उनकी तबीयत खराब होने लगी, जिससे फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई।
जानकारी के अनुसार, सभी बच्चे केरल के एक क्रिश्चियन स्कूल से जुड़े हैं और दिल्ली के शैक्षणिक दौरे से वापस लौट रहे थे। ट्रेन में बच्चों की हालत बिगड़ने की जानकारी रेलवे अधिकारियों को दी गई। इसके बाद खंडवा स्टेशन पर मेडिकल टीम को अलर्ट कर दिया गया।
मंगला एक्सप्रेस रात करीब 9:05 बजे खंडवा पहुंची। ट्रेन के पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने बच्चों की जांच शुरू की और उन्हें आवश्यक दवाइयां दीं। मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने के लिए ट्रेन करीब 40 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही।
मौके पर सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल, सीएसपी अभिनव बारंगे, सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सहित रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। डॉक्टरों ने ट्रेन के भीतर ही प्रभावित बच्चों का परीक्षण किया और स्कूल स्टाफ से भी जानकारी ली।
घटना के बाद पेंट्री कार के खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि बच्चों की तबीयत खराब होने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।













