चतरा विधायक के बेटे का कथित अपहरण, चंद घंटों में सकुशल बरामद
एमिटी यूनिवर्सिटी के बाहर मारपीट के बाद जबरन ले जाने का आरोप, रांची पुलिस ने शुरू की जांच

रांची। चतरा से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक जनार्दन पासवान के छोटे बेटे सौरभ के कथित अपहरण की सूचना से सोमवार शाम राजधानी में हड़कंप मच गया। बताया गया कि विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के बाहर कुछ लोगों ने सौरभ के साथ मारपीट की और उसे जबरन वाहन में बैठाकर ले गए। सूचना मिलते ही रांची पुलिस सक्रिय हुई और कुछ ही घंटों में उसे अरगोड़ा क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना शाम करीब 5 बजे हुई। आरोप है कि सौरभ को पहले थार वाहन से उतारा गया और उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसे स्कॉर्पियो में बैठाकर ले जाया गया। घटना की जानकारी विधायक तक पहुंचने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने संभावित रास्तों और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। थार और स्कॉर्पियो की भूमिका भी जांच के दायरे में है। चतरा पुलिस से मिले तकनीकी सहयोग के आधार पर सौरभ की तलाश तेज की गई, जिसके बाद उसे अरगोड़ा से बरामद किया गया।
सौरभ के सकुशल मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है। हालांकि पुलिस अब कथित अपहरण की वास्तविक वजह, घटना में शामिल लोगों और वाहनों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। पुलिस सौरभ और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।













