देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

वडोदरा में पीएम मोदी का जेन-जी को संदेश, बोले- युवा ‘सच की हुंकार’ के साथ

डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को बताया 21वीं सदी के भारत की जीवनरेखा, 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य दोहराया

वडोदरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को 21वीं सदी के भारत की जीवनरेखा बताते हुए कहा कि बीते 12 वर्षों में देश की कार्य संस्कृति में बड़ा बदलाव आया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि करीब 2,800 किलोमीटर डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का काम पूरा हो चुका है और पूर्वी व पश्चिमी कॉरिडोर देश के व्यापार-कारोबार का महत्वपूर्ण आधार बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन मार्गों पर प्रतिदिन 430 से अधिक मालगाड़ियां चल रही हैं। मुंबई के जेएनपीटी बंदरगाह से वडोदरा तक डबल स्टैक कंटेनर ट्रेन के संचालन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक बार में 250 से अधिक ट्रकों के बराबर माल पहुंचाया जा सकता है।

पीएम मोदी ने वडोदरा की विनिर्माण क्षमता और सी-295 सैन्य परिवहन विमान के निर्माण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत अब रेल कोच और रेल इंजन निर्माण में भी बड़ी ताकत बन रहा है।

युवाओं को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि “झूठ की गूंज से भरमाने वाले हर चौराहे पर मिल जाएंगे, लेकिन भारत का नौजवान सच की हुंकार के साथ चलता है।” उन्होंने सौर, पवन, जल और परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे काम का जिक्र किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का यह दौर युवाशक्ति के उत्कर्ष का समय है और 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य सर्वोच्च प्राथमिकता होना चाहिए।

Author

Related Articles

Back to top button