राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में शाहपुर के नंद जी साकेत ने हासिल किया तीसरा स्थान
वाई-फाई ऊर्जा हस्तांतरण मॉडल को मिली सराहना, नवागत जिला पंचायत सीईओ संघप्रिय ने छात्रों का बढ़ाया हौसला

सिंगरौली। शासकीय हाई स्कूल शाहपुर के कक्षा सातवीं के छात्र नंद जी साकेत ने राज्य स्तरीय विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सिंगरौली जिले का नाम रोशन किया है। गाडरवारा में आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में नंद जी साकेत ने वाई-फाई ऊर्जा हस्तांतरण विषय पर तैयार विज्ञान मॉडल के जरिए राज्य स्तर पर तृतीय स्थान हासिल किया।
नवागत जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघप्रिय से शासकीय हाई स्कूल शाहपुर के छात्रों ने मुलाकात कर अपने विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए। सीईओ ने विद्यार्थियों के मॉडल का अवलोकन करते हुए आवश्यक सुझाव दिए और उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
नंद जी साकेत, पिता पवन साकेत, रीवा संभाग से राज्य स्तरीय मॉडल प्रदर्शनी में चयनित विद्यार्थियों में सफल रहे। उन्होंने मध्यप्रदेश के शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह को भी अपने मॉडल की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। छात्र की प्रस्तुति से वहां मौजूद लोगों ने तालियों के साथ उसका उत्साहवर्धन किया।
इस उपलब्धि में जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सिमरन वाधवा तथा विद्यालय की प्राचार्य अर्चना मिश्रा का मार्गदर्शन और सहयोग रहा। विज्ञान शिक्षक शरद कुमार पाण्डेय ने बताया कि सफलता के पीछे कई दिनों की लगातार मेहनत रही। उन्होंने गरीब विद्यार्थियों की पढ़ाई से जुड़ा खर्च स्वयं उठाने की बात भी बताई।
प्रदर्शनी में शिक्षक पाण्डेय के मार्गदर्शन में छात्र कार्तिक साकेत ने ग्रीनहाउस प्रभाव और संजय शाह ने आधुनिक पार्किंग व्यवस्था पर मॉडल प्रस्तुत कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।













