बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

पंचायत के नेतृत्व में बाल्यावस्था में सुधार का प्रयास

सिंगरौली। 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा एवं प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत बैढ़न के सभागार में मुख्य कार्यपालन अधिकारी की अध्यक्षता में पीरामल फाउंडेशन एवं कैवल्या एजुकेशन फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से ग्राम पंचायत की भूमिका को सशक्त करने की दिशा में नींव कार्यक्रम के अंतर्गत सरपंचों,सचिवों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायतों को बाल हितैषी के रूप में विकसित करना तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पंचायतों में उपलब्ध संसाधनों एवं सरकारी योजनाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान सरपंचों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को 0-6 वर्ष के बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा, प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा तथा उनके अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में पंचायत स्तर पर आंगनवाड़ी केंद्रों को सुदृढ़ करने, बच्चों के नियमित स्वास्थ्य एवं पोषण की निगरानी, आंगनवाड़ी में बच्चों के नामांकन एवं उपस्थिति बढ़ाने तथा अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि बच्चों के विकास से जुड़े प्रयास केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं हैं। पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, अभिभावकों एवं समुदाय के सामूहिक प्रयासों से ही बच्चों के लिए बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सकता है।

प्रशिक्षण के दौरान पंचायत मैनेजमेंट यूनिट गठन के संबंध में जानकारी दी गई और बताया गया कि इस कमेटी के माध्यम से माह में एक बार पंचायत स्तर पर बैठक कर बच्चों के स्वास्थ्य शिक्षा, विकास टीकाकरण आदि के संबंध में चर्चा कर उनमें सुधार हेतु कार्य योजना तैयार की जाएगी जिससे कि बच्चों में बाल्यावस्था में सभी विकास सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी सरपंचों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी पंचायतों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए बाल-अनुकूल पंचायत बनाने तथा 0-6 वर्ष के बच्चों के विकास को प्राथमिकता देने एवं सहयोग करने का श्वसन दिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव तथा पीरामल फाउंडेशन से तुलसी कुशवाहा पुनीत, मुस्कान, ज्योति एवं प्रभात उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button