बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सीईओ जिला पंचायत ने चितरंगी में आजीविका गतिविधियों का किया निरीक्षण

स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद कर आय, रोजगार एवं मार्केट लिंकेज की ली जानकारी

सिंगरौली, । मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सिंगरौली श्री संघप्रिय ने जनपद पंचायत चितरंगी का भ्रमण कर मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों का मैदानी स्तर पर निरीक्षण किया। भ्रमण की शुरुआत ग्राम समुआर से हुई, जहां अहिल्याबाई स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित हैंडलूम गतिविधि का अवलोकन कर समूह की महिलाओं से उत्पादों, उत्पादन क्षमता, बिक्री, मार्केट लिंकेज एवं आय की जानकारी ली गई। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता एवं बेहतर बाजार उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके पश्चात “एक बगिया मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कार्य का निरीक्षण कर पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल सुनिश्चित करने तथा पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।

 

ग्राम कतरीहार में पुलेट-ब्रीडर फीड फार्म की प्रगति का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से स्थानीय आदिवासी परिवारों को रोजगार एवं आय के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य की निरंतर निगरानी के निर्देश दिए तथा मौके पर उपस्थित उपयंत्री एवं सहायक उपयंत्री को निर्माण एवं विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। ग्राम अमिलहव में लेयर मुर्गी पालन गतिविधि का निरीक्षण कर महिलाओं से उत्पादन, बिक्री एवं आय की जानकारी ली तथा गतिविधि का विस्तार कर इसे नियमित एवं लाभदायक व्यवसाय के रूप में विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियां ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने, परिवार की आय बढ़ाने एवं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

मैदानी भ्रमण के पश्चात जनपद पंचायत चितरंगी में ग्रामीण विकास विभाग एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सीईओ जिला पंचायत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अपूर्ण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराए जाएं। पंचायत भवनों की गुणवत्ता, रंग-रोगन, साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने, प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों के आवास समय पर पूर्ण कराने तथा लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान स्व-सहायता समूहों के बैंक लिंकेज, आजीविका गतिविधियों एवं महिलाओं की आय वृद्धि से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने तथा अधिक से अधिक समूहों को बैंकिंग सेवाओं एवं आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया।
सीईओ जिला पंचायत ने पौधरोपण कार्यों को प्रभावी रूप से संचालित करने, सभी अपूर्ण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराने तथा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीण परिवारों, विशेषकर महिलाओं को स्थायी रोजगार एवं आय के अवसर प्राप्त हों। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी रखने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भ्रमण एवं समीक्षा बैठक के दौरान जनपद पंचायत चितरंगी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, तकनीकी अमला एवं आजीविका मिशन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button