बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

डीएमएफ अंतर्गत सभी पूर्ण कार्यों की पूर्णता प्रमाण पत्र 7 दिवस में जारी करें – सीईओ जिला पंचायत

डीएमएफ से स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में सीईओ ने दिए निर्देश

सिंगरौली, 10 सितम्बर 2026। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संघप्रिय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में डीएमएफ मद से स्वीकृत एवं संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न निर्माण एजेंसियों के माध्यम से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, पूर्ण एवं अपूर्ण कार्यों, कार्यों की गुणवत्ता तथा लंबित कार्यों के संबंध में विस्तार से समीक्षा की गई। सीईओ जिला पंचायत श्री संघप्रिय ने निर्देश दिए कि डीएमएफ मद से स्वीकृत सभी अपूर्ण निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियां कार्यों की नियमित मॉनीटरिंग करते हुए मौके पर निर्माण की प्रगति का परीक्षण करें और जिन कार्यों में विलंब हो रहा है, उन्हें तत्काल गति प्रदान कर पूर्ण कराएं।

उन्होंने निर्देशित किया कि जिन निर्माण कार्यों का कार्य पूर्ण हो चुका है, उनका परीक्षण एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए कार्य पूर्णता के 7 दिवस के भीतर संबंधित निर्माण एजेंसी द्वारा पूर्णता प्रमाण पत्र जारी किया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पूर्ण किए गए प्रत्येक निर्माण कार्य के स्पष्ट एवं अद्यतन फोटोग्राफ डीएमएफ शाखा में अनिवार्य रूप से जमा कराए जाएं, ताकि कार्य की भौतिक प्रगति एवं पूर्णता का अभिलेख संधारित किया जा सके। सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए। उन्होंने कहा कि डीएमएफ मद से स्वीकृत कार्य जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य हैं, इसलिए प्रत्येक कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण होना चाहिए। निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री, निर्धारित मापदंडों तथा स्वीकृत कार्ययोजना के अनुरूप कार्य कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी निर्धारित कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करने तथा कार्यों की प्रगति से संबंधित जानकारी अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए। बैठक में डीएमएफ मद से स्वीकृत विभिन्न निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई तथा लंबित कार्यों को पूर्ण करने के लिए आवश्यक कार्रवाई एवं समय-सीमा निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वीकृत निर्माण कार्यों को समय पर पूर्ण कराएं, जिससे डीएमएफ मद से स्वीकृत कार्यों का लाभ शीघ्रता से आमजन को मिल सके। बैठक के दौरान खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल, अधीक्षण अभियंता विद्युत श्री अजीत सिंह, कार्यपालन यंत्री नगर निगम श्री संतोष पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button