ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

द्वारका परिसर में एक सप्ताह से पानी भरे प्लॉट में छिपा था मगरमच्छ, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

छह दिन की मशक्कत के बाद सड़क पर आते ही पकड़ा गया करीब पांच फीट लंबा मगरमच्छ

जबलपुर, 11 सितंबर 2026। पनागर के द्वारका परिसर में करीब एक सप्ताह से दहशत का कारण बने मगरमच्छ को शुक्रवार सुबह वन विभाग की टीम ने सुरक्षित पकड़ लिया। करीब पांच फीट लंबा मगरमच्छ कॉलोनी के एक पानी भरे खाली प्लॉट में छिपा हुआ था। वन विभाग की 12 सदस्यीय टीम पिछले छह दिनों से लगातार उसकी निगरानी और रेस्क्यू में जुटी थी।

वन कर्मी शैलेश कुमार गौतम के अनुसार 5 सितंबर को परिसर में मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिली थी। आशंका है कि मानसून के दौरान परियट नदी और नहर के तेज बहाव के साथ मगरमच्छ बहकर रिहायशी क्षेत्र के पानी भरे प्लॉट तक पहुंचा होगा।

प्लॉट में कमर तक पानी भरा होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई बार जाल डालकर पकड़ने का प्रयास किया गया, वहीं पंप लगाकर पानी निकालने की कोशिश भी की गई, लेकिन मगरमच्छ लगातार बच निकलता रहा।

पानी निकलते ही सड़क पर आया

शुक्रवार सुबह प्लॉट का पानी निकालने का काम चल रहा था। इसी दौरान मगरमच्छ पानी से निकलकर सड़क की ओर आ गया। पहले से सतर्क वन विभाग की टीम ने उसे घेरकर सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के बाद द्वारका परिसर के रहवासियों ने राहत की सांस ली।

वन विभाग ने बताया कि पकड़े गए मगरमच्छ को शुक्रवार सुबह ही सुरक्षित तरीके से परियट नदी में छोड़ दिया गया।

Author

Related Articles

Back to top button