देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

कांगो में दो स्कूलों में भीषण आग, 26 छात्रों की मौत; भगदड़ में भी गई जानें

फुराहा सेकेंडरी और उजामा प्राइमरी स्कूल आग की चपेट में आए, दर्जनों घायल

कांगो, 11 सितंबर 2026। अफ्रीकी देश कांगो के पूर्वी हिस्से में हुए भीषण अग्निकांड में कम से कम 26 छात्रों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। हादसा दक्षिण किवु प्रांत के बकावु शहर में हुआ, जहां एक घर से शुरू हुई आग देखते ही देखते आसपास फैल गई और पास स्थित दो स्कूलों को अपनी चपेट में ले लिया। मृतकों में 19 लड़कियां और 7 लड़के शामिल हैं। प्रशासन ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है।

स्थानीय प्रशासक मोइसे लुबाला के अनुसार आग फुराहा सेकेंडरी स्कूल और उससे सटे उजामा प्राइमरी स्कूल तक पहुंच गई। कई छात्र स्कूल के अंदर फंस गए। कुछ की दम घुटने से मौत हुई, जबकि बाहर निकलने के दौरान संकरे रास्ते के कारण भगदड़ मच गई। कई छात्र खिड़कियों से कूदने लगे और कुछ भीड़ में गिरकर कुचल गए।

घायलों को न्यामुलागिरा हेल्थ सेंटर ले जाया गया, जहां बड़ी संख्या में मरीज पहुंचने से चिकित्सा कर्मियों को भी कठिनाई हुई। इससे पहले 24 मौतों की जानकारी सामने आई थी, लेकिन बाद में प्रांतीय सरकार ने संख्या बढ़ाकर 26 कर दी।

घनी आबादी और लकड़ी के मकानों से तेजी से फैली आग

स्थानीय प्रशासन के मुताबिक घटनास्थल घनी आबादी वाला क्षेत्र है और कई मकान लकड़ी से बने हैं। इसी कारण आग तेजी से आसपास फैल गई। आग लगने की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

कांगो के पूर्वी क्षेत्र में लंबे समय से हिंसा और अस्थिरता बनी हुई है। ऐसे माहौल में स्वास्थ्य सेवाओं पर पहले से दबाव है। स्कूलों में हुए इस हादसे ने क्षेत्र की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। प्रशासन के अनुसार राहत एवं बचाव अभियान जारी है और इसके दौरान मृतकों एवं घायलों की संख्या में बदलाव संभव है।

Author

Related Articles

Back to top button