राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का जबलपुर में भी असर, गोलबाजार में बैंककर्मियों का प्रदर्शन
पांच दिवसीय कार्य सप्ताह और इंसेंटिव नीति वापस लेने की मांग, 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

जबलपुर, 11 सितंबर 2026। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को बैंक अधिकारी और कर्मचारी एकदिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहे। इसका असर जबलपुर में भी देखने को मिला। शहर के शहीद स्मारक, गोलबाजार में सुबह 10 बजे बड़ी संख्या में बैंककर्मी एकत्र हुए और केंद्र सरकार तथा इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
स्थानीय संयोजक अभिषेक कुमार सिन्हा और उप महासचिव प्रशांत खरे के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने बैंक कर्मचारियों के लिए पांच दिवसीय कार्य सप्ताह तत्काल लागू करने और कथित भेदभावपूर्ण परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव नीति वापस लेने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि बैंककर्मी देश की आर्थिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसके बावजूद उनकी लंबित मांगों की अनदेखी की जा रही है।
28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय तालाबंदी का ऐलान
प्रदर्शन के दौरान बैंक यूनियन प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इसके तहत 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई।
प्रदर्शन में विभिन्न बैंक एवं वित्तीय संस्थानों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। हड़ताल के कारण शहर में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुईं और कई शाखाओं में सामान्य कामकाज बाधित रहा। प्रदर्शन के अंत में कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता बनाए रखने का संकल्प लिया।













