माड़ा पुलिस की अवैध शराब पर कार्रवाई: किराना दुकान की आड़ में शराब बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार, बीयर व देशी-अंग्रेजी शराब जब्त
खेत में छुपाकर रखी गई 15 हजार रुपये की शराब बरामद, बैच नंबर से स्रोत तलाश रही पुलिस

खम्हरिया से 6 लीटर महुआ शराब के साथ एक अन्य व्यक्ति पर भी चालानी कार्रवाई, कुल 36 लीटर शराब जब्त
सिंगरौली (माड़ा)।जिले में अवैध मादक पदार्थों और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक शियाज के. एम. के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं एसडीओपी रोशनी कुर्मी के मार्गदर्शन में थाना माड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। माड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम ओखरावल में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध शराब व बीयर जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं ग्राम खम्हरिया से भी एक अन्य व्यक्ति से 6 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की गई है। दोनों मामलों में कुल 36 लीटर अवैध शराब बरामद कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
किराना दुकान की आड़ में चल रहा था अवैध कारोबार
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी माड़ा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम ओखरावल निवासी प्रमोद कुमार शाह अपनी किराना दुकान की आड़ में चोरी-छिपे अवैध शराब की बिक्री करता है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो आरोपी पुलिस को देखकर शराब के कार्टून अपने घर के पीछे खेत में छुपाने लगा। पुलिस बल ने घेराबंदी कर आरोपी प्रमोद कुमार शाह (पिता लालजी शाह, निवासी ओखरावल) को धर दबोचा।
139 पाव शराब और 12 बोतल बीयर बरामद
पुलिस टीम ने खेत और आसपास तलाशी ली तो 04 अलग-अलग कार्टूनों में 27 पाव गोवा शराब, 47 पाव देशी मसाला, 65 पाव देशी प्लेन शराब तथा 12 नग लेमाउण्ट स्ट्रांग बीयर (कुल 139 पाव शराब व 12 बीयर) बरामद हुई। जब्त शराब की कुल अनुमानित कीमत 15,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 631/2026, धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब शराब के बोतलों पर दर्ज बैच नंबर के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप किस लाइसेंसी दुकान से लाई गई थी।
इसके अतिरिक्त, पुलिस ने ग्राम खम्हरिया निवासी सोनू के कब्जे से 06 लीटर अवैध हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त कर उसके खिलाफ भी आबकारी एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की है।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा, प्र.आर. संजय सिंह, प्र.आर. गणेश रावत, प्र.आर. संजीत कोल, आरक्षक आबिद कुरैशी, आरक्षक आकाश सिंह, आरक्षक निरंजन बिन्द, आरक्षक मनोज रावत एवं महिला आरक्षक प्रज्ञा धुर्वे की सराहनीय भूमिका रही।











