देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

कर्नाटक: बेलगावी में फ्रिज फटने से घर में लगी भीषण आग, एक ही परिवार के 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत; 2 गंभीर

सोमवार देर रात चवहत गली इलाके में हुआ दर्दनाक हादसा, जांच में जुटी पुलिस

बेलगावी (कर्नाटक)। कर्नाटक के बेलगावी शहर में सोमवार देर रात एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। शहर के मार्केट थाना क्षेत्र अंतर्गत चवहत गली इलाके में एक घर के अंदर रखे फ्रिज में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके के बाद घर में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गई हैं।

धमाके के बाद तेजी से फैली आग, संभलने का नहीं मिला मौका

जानकारी के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य रात के समय घर के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान फ्रिज में तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने या जान बचाने का पर्याप्त मौका ही नहीं मिला। आग के बीच फंसने और बुरी तरह झुलसने से चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों और घायलों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गजानन डमोने (65), रोशन डमोने (21), शारदा डमोने (45) और भारती राडमोने (50) के रूप में हुई है। वहीं, इस भीषण अग्निकांड में प्रिया डमोने (28) और गंगा डमोने (25) गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। दोनों को तत्काल स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

दमकल ने बुझाई आग, हादसे के कारणों की जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घर के अंदर से चारों शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार दिहाड़ी मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करता था। गणेश चतुर्थी के मौके पर हुई इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल, पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि फ्रिज में धमाका किन कारणों से हुआ और आग ने इतनी जल्दी विकराल रूप कैसे ले लिया।

Author

Related Articles

Back to top button