देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

पीएम श्री योजना: 13,092 उत्कृष्ट स्कूलों का हुआ चयन, 20 लाख से अधिक छात्रों को मिलेगा अत्याधुनिक शिक्षा का लाभ

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप विकसित किए जा रहे मॉडल स्कूल, लक्ष्य का 90 फीसदी हुआ पूरा

नई दिल्ली।स्कूली शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव और छात्रों को 21वीं सदी के कौशल से लैस करने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया’ (पीएम श्री) योजना ने एक अहम मुकाम हासिल कर लिया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत देशभर के 14,500 से अधिक स्कूलों को ‘मॉडल (उत्कृष्ट) स्कूल’ के रूप में विकसित करने के लक्ष्य में से जुलाई 2026 तक 13,092 स्कूलों का चयन किया जा चुका है। इस योजना के जरिए देशभर के 20 लाख से अधिक छात्रों को सीधा फायदा मिलेगा।

पारदर्शी ‘चैलेंज मोड’ से हुआ स्कूलों का चयन

7 सितंबर 2022 को शुरू की गई इस योजना के तहत स्कूलों का चयन निर्धारित गुणवत्ता मानकों के आधार पर तीन चरणों वाली पारदर्शी ‘चैलेंज मोड’ प्रक्रिया के माध्यम से किया जाता है। अब तक 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 725 जिलों और 8,340 ब्लॉक/शहरी निकायों को कवर करते हुए लगभग 90 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। ये स्कूल केवल बुनियादी ढांचे तक सीमित न रहकर आसपास के अन्य स्कूलों के लिए मार्गदर्शक संस्थान (मेंटर) के रूप में भी कार्य करेंगे।

किन स्कूलों का हुआ है चयन?

चयनित 13,092 स्कूलों के इस विशाल नेटवर्क में अलग-अलग स्तर और श्रेणियों के संस्थान शामिल हैं:

1,305 प्राइमरी और 3,102 अपर प्राइमरी स्कूल

3,141 माध्यमिक और 5,544 उच्चतर माध्यमिक स्कूल

913 केंद्रीय विद्यालय (KVS) और 620 नवोदय विद्यालय (NVS)

80 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) और 4 एनसीईआरटी (NCERT) स्कूल

27,360 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट

वर्ष 2022-23 से 2026-27 तक (पांच वर्ष) लागू रहने वाली इस महत्वाकांक्षी योजना की कुल लागत 27,360 करोड़ रुपये है, जिसमें केंद्र सरकार की हिस्सेदारी 18,128 करोड़ रुपये है। योजना का मुख्य फोकस सुरक्षित, उत्साहवर्धक और समावेशी माहौल तैयार करना है, ताकि प्रत्येक छात्र का सर्वांगीण विकास हो सके और शिक्षा के नीतिगत उद्देश्यों को जमीनी हकीकत में बदला जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button