बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नए सीईओ के सामने देवसर की चुनौतियों का पहाड़

आईएएस सौम्या मिश्रा ने संभाली जनपद सीईओ की जिम्मेदारी, योजनाओं की समीक्षा के साथ सफाई और व्यवस्था सुधार पर दिया जोर

सिंगरौली। जनपद पंचायत देवसर में मंगलवार 15 सितंबर को आईएएस सौम्या मिश्रा ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी का पदभार संभाल लिया। जिम्मेदारी संभालते ही उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर विभागीय कार्यों की जानकारी ली। इसके बाद जनपद कार्यालय का निरीक्षण कर साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।

ग्रामीण विकास की चुनौतियां बड़ी
देवसर जनपद की कमान संभालते ही नए सीईओ के सामने ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई चुनौतियां हैं। सड़क, नाली, पेयजल, आवास, आंगनबाड़ी और स्कूल भवनों के कार्यों की निगरानी के साथ पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा पर नजर रखना अहम होगा। मनरेगा के मजदूरों के मास्टर रोल, भुगतान और योजनाओं के वास्तविक क्रियान्वयन की निगरानी भी बड़ी जिम्मेदारी होगी।

लंबित कार्यों से लोगों को उम्मीद
देवसर क्षेत्र में सड़क, जलभराव, पुल-पुलियों, ग्रामीण संपर्क मार्ग, आवास योजना और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई मामले लंबे समय से लोगों की चिंता का विषय हैं। ऐसे में स्वीकृत कार्यों की वास्तविक स्थिति, निर्माण की गुणवत्ता और सरकारी राशि के उपयोग की नियमित समीक्षा पर लोगों की नजर रहेगी।

कार्यालय की व्यवस्था सुधार पर जोर
सौम्या मिश्रा ने जनपद कार्यालय को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। ग्रामीणों को कार्यालय में बेहतर वातावरण और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। अब नए नेतृत्व के सामने चुनौती पंचायत स्तर तक प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने और लंबित विकास कार्यों को गति देने की होगी।

Author

Related Articles

Back to top button