जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक ने सुनीं आमजन की समस्याएं
महिला फरियादियों की शिकायतों को प्राथमिकता, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

सिंगरौली। पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे आमजन की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक आवेदक से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर उनकी समस्या की जानकारी ली। कुछ मामलों में तत्काल आवश्यक कार्रवाई कराई गई, जबकि अन्य शिकायतों में निष्पक्ष जांच कर शीघ्र वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को दिए गए।
महिला फरियादियों की शिकायतों को विशेष प्राथमिकता दी गई। महिला पुलिस अधिकारियों ने उनकी समस्याएं सुनकर आवश्यक काउंसलिंग की तथा मामलों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।जनसुनवाई में नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर हेमन्त कुमार, नवानगर थाना प्रभारी राकेश साहू, विंध्यनगर थाना प्रभारी अर्चना दिवेदी, उप निरीक्षक विनय शुक्ला, उप निरीक्षक चांदनी सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।सिंगरौली पुलिस ने कहा कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशील, पारदर्शी और त्वरित निराकरण उसकी प्राथमिकता है।











