अस्पताल में पत्रकार से मारपीट का आरोप, थाने में शिकायत
कवरेज के दौरान डॉक्टर पर कॉलर पकड़ने, मोबाइल छीनने की कोशिश और धमकी देने का आरोप; सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने की मांग

सिंगरौली। जिला अस्पताल ट्रॉमा सेंटर में समाचार कवरेज के दौरान पत्रकार से कथित मारपीट, अभद्रता और मोबाइल छीनने के प्रयास का मामला सामने आया है। सिंगरौली की आवाज साप्ताहिक समाचार पत्र के संपादक अतुल कुमार दुबे ने 13 सितंबर को बैढ़न कोतवाली थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक 12 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे नवनिर्मित विहार निवासी मरीज खुशबू दुबे ने इलाज में देरी की शिकायत को लेकर पत्रकार को ट्रॉमा सेंटर बुलाया था। मरीज ने डॉक्टर अंबे शाह और डॉक्टर यू.के. सिंह पर उपचार के लिए लगातार समय दिए जाने के बावजूद इलाज नहीं करने का आरोप लगाया था। पत्रकार कवरेज के बाद सीटी स्कैन कक्ष की ओर चले गए।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि करीब 15 मिनट बाद लौटने पर डॉक्टर अंबे शाह ने ओपीडी दवा वितरण केंद्र के सामने रास्ता रोककर अभद्रता की और कॉलर पकड़कर मारपीट की। मोबाइल छीनने की कोशिश और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मौके पर मौजूद रंजन झा और विनोद केवट सहित अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया।
पत्रकार ने अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने के साथ फेसबुक लाइव वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने आरोपों की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई का अनुरोध किया है।











