बालिका गृह पहुंचकर विधायक ने बच्चियों से की मुलाकात
गायत्री बालिका गृह के निरीक्षण में व्यवस्थाओं की ली जानकारी, सरकारी सुविधाएं दिलाने का दिया आश्वासन

सिंगरौली। अमृता सेवा संस्थान समिति, नवजीवन विहार द्वारा संचालित गायत्री बालिका गृह का सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने सोमवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बालिका गृह में रह रही बच्चियों से मुलाकात कर उनकी दिनचर्या, शिक्षा, स्वास्थ्य और रहने की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। विधायक ने बच्चियों से संवाद करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने और समाज में बेहतर तरीके से रहने के लिए प्रेरित किया।
संस्थान में रीवा संभाग की छह वर्ष से 18 वर्ष से कम आयु की बच्चियों के रहने और देखरेख की व्यवस्था की जा रही है। विधायक ने बालिका गृह के संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवास, भोजन, दवा और अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में संस्थान की संचालिका मंजू सिंह कुशवाहा से चर्चा की।
बताया गया कि बालिका गृह के लिए वर्तमान में शासकीय भवन उपलब्ध नहीं है और संस्था द्वारा करीब 20 हजार रुपए मासिक किराये के भवन में संचालन किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि बच्चियों के हित में जिला प्रशासन के साथ चर्चा कर शासन की योजनाओं और नियमानुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर अमृता सेवा संस्थान की अध्यक्ष डॉ. साधना शर्मा, सचिव नरेंद्र प्रसाद मिश्र, सहसचिव सैफी अब्बास, मंजू सिंह कुशवाहा सहित जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। संस्था की ओर से विधायक का स्वागत एवं सम्मान किया गया।











