भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव की नेपाल के विदेश मंत्री से विदाई मुलाकात
नेपाल-भारत संबंधों को मजबूत करने में योगदान की सराहना, सहयोग बढ़ाने पर जोर

काठमांडू। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने बुधवार को नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव से विदाई मुलाकात की। नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, विदेश मंत्री ने श्रीवास्तव के कार्यकाल के सफलतापूर्वक पूरा होने पर उन्हें बधाई दी और नेपाल-भारत संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान की सराहना की।
मुलाकात के दौरान ऊर्जा सहयोग, व्यापार, बुनियादी ढांचे की कनेक्टिविटी और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क के क्षेत्रों में हुई प्रगति का उल्लेख किया गया। नेपाल के विदेश मंत्री ने भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ के बाद भारत की ओर से दी गई आपदा राहत सहायता के लिए आभार जताया।
श्रीवास्तव ने नेपाल सरकार से मिले सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि दोनों देशों के संबंध भविष्य में और मजबूत होंगे।
नवीन श्रीवास्तव ने 25 जून 2022 को नेपाल में भारत के राजदूत का पदभार संभाला था। इससे पहले वह विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव और पूर्वी एशिया प्रभाग के प्रमुख रह चुके हैं।













