अवैध रेत परिवहन करते बिना नंबर का ट्रैक्टर जब्त
कोतवाली पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई, खजूरी से बैढ़न लाई जा रही थी रेत

सिंगरौली। अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बिना नंबर के महिंद्रा ट्रैक्टर को जब्त किया है। ट्रैक्टर में रेत लदी हुई थी।
बताया गया कि टीम को सूचना मिली थी कि खजूरी क्षेत्र से निकाली गई रेत देवरा के रास्ते बैढ़न की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस और खनिज विभाग की टीम ने घेराबंदी कर बिना नंबर के महिंद्रा ट्रैक्टर को पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद वाहन को जब्त कर आगे की जांच के लिए कोतवाली परिसर में खड़ा कराया गया है।
अधिकारियों के अनुसार अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। बिना रॉयल्टी और वैध दस्तावेज के रेत का परिवहन करते पाए जाने पर संबंधित वाहन और उसके संचालक के खिलाफ खनिज नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि एक दिन पहले भी पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने बैढ़न के गनियारी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर को जब्त किया था। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध रेत परिवहन में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति है।













