यूजीसी के सवाल पर भड़कीं सीधी विधायक रीति पाठक, बिना जवाब दिए छोड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस; वीडियो वायरल

सिंगरौली।सिंगरौली भाजपा कार्यालय में मंगलवार शाम आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उस वक्त असहज स्थिति पैदा हो गई, जब सीधी विधायक और पूर्व सांसद रीति पाठक एक स्थानीय पत्रकार के सवाल पर भड़क गईं। पत्रकार ने उनसे यूजीसी (UGC) से जुड़े एक मुद्दे पर सवाल पूछा था, जिसका जवाब देने के बजाय विधायक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस ही खत्म कर दी और मंच से उठकर चली गईं। बुधवार को इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
‘सेवा संकल्प अभियान’ की जानकारी देने बुलाई गई थी वार्ता
यह पत्रकार वार्ता मुख्य रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए बुलाई गई थी। भाजपा प्रधानमंत्री के जन्मदिन को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मना रही है।
यूजीसी के सवाल पर भड़कीं विधायक
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब एक स्थानीय पत्रकार ने उच्च शिक्षा और विश्वविद्यालयों से जुड़े महत्वपूर्ण निकाय यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) के संबंध में विधायक रीति पाठक से उनकी राय जाननी चाही, तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। पत्रकार ने अपना सवाल दोबारा भी दोहराया। इस पर विधायक पाठक ने दो टूक लहजे में कहा कि “पत्रकार वार्ता जिस विषय पर रखी गई है, केवल उसी पर बात की जाए।” इसके बाद वे सवालों का जवाब दिए बिना ही मंच से उठकर चली गईं। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद यह घटनाक्रम चर्चा का विषय बना हुआ है।













