सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 अक्टूबर तक होंगे जनसेवा एवं जनभागीदारी के विभिन्न कार्यक्रम
प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्मदिवस पर सिंगरौली में सेवा गतिविधियों का आयोजन

सिंगरौली, । जनसेवा, जनभागीदारी, शासकीय योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन 17 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जिलेभर में विभिन्न सेवा, जनजागरूकता एवं जनभागीदारी से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर 2026 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर सामुदायिक भवन, बैढ़न में जिला स्तरीय रक्तदान शिविर एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित होगा। वहीं जुड़वां तालाब, बैढ़न में शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का जिला स्तरीय आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से रक्तदान शिविर एवं ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की गई है।
जिले में अभियान के प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री गौरव बैनल के समग्र नेतृत्व एवं समन्वय में गतिविधियां संचालित की जाएंगी। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत तथा नगरीय क्षेत्रों के लिए आयुक्त, नगर पालिक निगम, सिंगरौली को अभियान का नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभियान के तहत 17 सितम्बर को जिला मुख्यालय के साथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी निर्धारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें बड़ा तालाब (छठ घाट), गनियारी; एकलव्य विद्यालय, बरगवां; श्री हनुमानजी मंदिर, चितरंगी; मां धनौजा मंदिर, घोघरा (सरई, देवसर); चादोरानी मंदिर, महुआगांव तथा शिव मंदिर, नौढिया सहित सभी ग्राम पंचायतों एवं वार्डों में निर्धारित गतिविधियां आयोजित होंगी। कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित कार्ययोजना एवं कैलेंडर के अनुसार कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के माध्यम से आमजन को जनसेवा की गतिविधियों से जोड़ने, शासकीय योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ जनभागीदारी को और अधिक सशक्त किया जाएगा।












