प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान, अल्पसंख्यक मोर्चा करेगा विविध आयोजन
टॉकीज चौराहे पर दीप प्रज्ज्वलन और जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरण की तैयारी

सिंगरौली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा सिंगरौली द्वारा विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितम्बर को जिला मुख्यालय बैढ़न के टॉकीज चौराहे पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके अलावा जिला चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे।
अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष परवेज अहमद ने बताया कि भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर प्रतिवर्ष सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस वर्ष 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने की योजना है। प्रधानमंत्री मोदी ने अक्टूबर 2025 में सरकार के प्रमुख के रूप में अपने 25वें वर्ष में प्रवेश की बात कही थी।
अभियान के तहत 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान चलाने की भी योजना है।
परवेज अहमद ने कहा कि अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत 2047 के संकल्प को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के कार्यकाल के दौरान गरीब कल्याण, आवास, सामाजिक सुरक्षा और अन्य योजनाओं को लेकर पार्टी के दावों का उल्लेख किया।
कार्यक्रम में महामंत्री संजय खान फरदीन, मुर्तजा खान मण्डल अध्यक्ष वैढ़न, इरफान खान मण्डल अध्यक्ष जयंत, इम्तियाज खान मण्डल अध्यक्ष विन्ध्यनगर, हज कमेटी के सदस्य जम्मू बेग, वरिष्ठ भाजपा नेत्री व जिला कार्यसमिति सदस्य शमा भारती, मुबारक खान समाजसेवी सहित सैकड़ो की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।












