कैलिबर माइनिंग में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग
विस्थापित, प्रभावित और स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने पर हुई चर्चा, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग

सिंगरौली। कैलिबर माइनिंग के विरुद्ध 11 सितंबर को युवाओं के रोजगार और स्थानीय युवाओं के अधिकार को लेकर किए गए आंदोलन के बाद बुधवार को प्रशासन, एनसीएल प्रबंधन, कैलिबर माइनिंग प्रबंधन और स्थानीय युवाओं के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिसोदिया ने स्थानीय युवाओं के रोजगार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
सिसोदिया ने कहा कि क्षेत्र के विस्थापित, प्रभावित और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। आंदोलन के दौरान करीब 230 युवाओं के आवेदन जमा किए गए थे। बैठक में सामने आया कि जिन युवाओं की जमीन वर्तमान में प्रभावित या अधिग्रहित हो रही है, उन्हें प्राथमिकता देने के बाद अन्य प्रभावित और स्थानीय युवाओं को अवसर देने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
युवाओं की सूची सत्यापन के लिए एनसीएल प्रबंधन, दूधीचुआ को उपलब्ध कराई गई है। बैठक की अध्यक्षता कर रहे तहसीलदार अभिषेक यादव ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा चयन प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी।
प्रेम प्रकाश सिसोदिया ने मांग रखी कि खुले मैदान में परीक्षा और साक्षात्कार आयोजित किए जाएं तथा प्रशासन की मौजूदगी में योग्य उम्मीदवारों का चयन कर उन्हें नियुक्ति पत्र दिए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि कंपनी अपने आश्वासन पर कायम नहीं रहती और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं होती तो युवा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अनिश्चितकालीन धरना और आंदोलन करेंगे। बैठक में शेखर सिंह, राजेश सिंह, सचिन डैनी सिंह, सूर्य द्विवेदी, विजय सिंह बिष्ट, सुनील पांच लाल यादव सहित बड़ी संख्या में युवा और ग्रामीणजन मौजूद रहे।











