बड़ी खबर

बटाला में रवनीत बिट्टू के काफिले पर हमला, अंडे-टमाटर और पत्थर फेंके

नशे के खिलाफ भाजपा की यात्रा में शामिल होने जा रहे थे बिट्टू, आम आदमी पार्टी पर लगाए गंभीर आरोप

 

बटाला। पंजाब के बटाला में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घासीतपुर गांव के पास कुछ लोगों ने उनके काफिले पर अंडे और टमाटर फेंके तथा नारेबाजी की। बिट्टू ने दावा किया कि हमले के दौरान वाहनों के शीशे भी तोड़े गए। उन्होंने घटना के पीछे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं का हाथ होने का आरोप लगाया है।

बिट्टू नशे के खिलाफ भाजपा की यात्रा में शामिल होने के लिए जा रहे थे। उनके अनुसार, घटनास्थल पर करीब 500 लोग मौजूद थे। उन्होंने बताया कि उनके पास जेड-प्लस सुरक्षा है और करीब 100 सुरक्षाकर्मी साथ रहते हैं। स्थानीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे।

बिट्टू ने दावा किया कि सुरक्षाकर्मियों ने कुछ लोगों को पकड़ा है और उनके मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। उनका आरोप है कि इन मोबाइल फोन पर लोगों को काफिला घेरने और हमला करने के लिए उकसाने की बातचीत हो रही थी। उन्होंने कहा कि अंडे और टमाटर फेंकना तो छोटी बात है, कुछ लोगों के पास हथियार भी होने का दावा किया गया है।

भाजपा नेता ने स्थानीय पुलिस पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सुबह करीब 9 बजे से वे मौके पर मौजूद थे, लेकिन पौने 11 बजे तक कार्रवाई नहीं हुई।

बिट्टू ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि हमला करने वालों को राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा नशे के खिलाफ अपनी मुहिम जारी रखेगी और अंडे, टमाटर, पत्थर या काले झंडे इस अभियान को रोक नहीं सकते।

Author

Related Articles

Back to top button