
सिएटल। माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्य नडेला ने कहा है कि भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का लाभ किसानों, कारोबारियों और आम समुदायों तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने कहा कि एआई की वास्तविक क्षमता इस बात से तय होगी कि कितने व्यापक स्तर पर लोग इसका इस्तेमाल कर पाते हैं और इसके विकास में योगदान देते हैं।
सिएटल में आयोजित ‘आइडियाज4इंडिया फोरम’ को संबोधित करते हुए नडेला ने कहा कि सामान्य-उद्देश्य वाली तकनीक का लाभ केवल कुछ क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने एआई के साथ राष्ट्रीय संप्रभुता, ज्ञान पर नियंत्रण और मानव निगरानी को भी महत्वपूर्ण बताया।
भारत के महावाणिज्य दूतावास की ओर से आयोजित इंडियन अमेरिकन टेक सीईओ फोरम में भारतीय मूल के 40 से अधिक सीईओ और सीटीओ शामिल हुए। इसमें एआई, क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, एयरोस्पेस, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर जैसे क्षेत्रों पर चर्चा हुई।
नडेला ने दिल्ली में देखे गए एक प्रदर्शन का उदाहरण देते हुए बताया कि एक भारतीय डेवलपर ने जीपीटी मॉडल को भाषा सेवाओं से जोड़ा था। इसके जरिए ग्रामीण किसान व्हाट्सऐप पर स्थानीय भाषा में सरकारी योजनाओं की जानकारी हासिल कर सकता था। प्रणाली किसान को सब्सिडी लेने की प्रक्रिया समझाने और जरूरी दस्तावेज तैयार करने में भी मदद करती थी।
उन्होंने कहा कि ऐसी तकनीक आम लोगों को अपने अधिकारों और सरकारी सुविधाओं तक पहुंचने में सक्षम बना सकती है। नडेला ने पेशेवरों से एआई के दौर में अपनी क्षमताओं पर नए सिरे से विचार करने का भी आग्रह किया।













