राघव चड्ढा का आप पर तंज, बोले- पूर्व प्रेमिका जैसा हाल, चिंता है कहीं नस न काट लें

गुरदासपुर। भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी पर तीखा कटाक्ष किया। गुरदासपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने आप की स्थिति की तुलना पूर्व प्रेमिका से करते हुए कहा कि पार्टी उन्हें छोड़कर आगे बढ़ने के बावजूद अब भी उनके प्रेम में पड़ी हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें चिंता होती है कि कहीं उनकी याद में कोई अपनी हाथ की नस ही न काट ले।
राघव चड्ढा शुक्रवार को भाजपा की ओर से शुरू की जा रही ‘नशा मुक्त पंजाब’ यात्रा में शामिल होने गुरदासपुर पहुंचे थे। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा राज्य में चार यात्राएं शुरू करने जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इन यात्राओं का शुभारंभ करेंगे।
पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष रविकरण सिंह काहलों ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य पंजाब, उसके युवाओं और जमीन को नशे से बचाना है। पहली यात्रा 10 जिलों और 35 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इस दौरान नशे की समस्या से प्रभावित युवाओं और उनके परिवारों से मुलाकात की जाएगी।
काहलों ने कहा कि भाजपा पंजाब से नशे, गैंगस्टरवाद और भ्रष्टाचार को खत्म करने तथा प्रदेश में बेहतर शासन देने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।
अमृतसर में एएसआई हरजीत सिंह की हत्या पर उन्होंने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े गोलीबारी हो रही है और पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने पुलिस से असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने की अपील की।













