बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जयंत ज्वेलरी डकैती का छह घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

 

सिंगरौली। जयंत के बजरंग कॉम्प्लेक्स स्थित ज्वेलरी दुकान में गुरुवार शाम हथियारों के दम पर हुई डकैती का पुलिस ने महज छह घंटे में खुलासा कर दिया। रीवा आईजी गौरव सिंह राजपूत ने पुलिस अधीक्षक सभागार में प्रेसवार्ता कर मामले की जानकारी दी। पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 5:50 बजे पांच बदमाश पिस्टल और कट्टे लेकर ज्वेलरी दुकान में घुसे। उन्होंने दुकान में मौजूद लोगों को धमकाकर उनके मोबाइल छीन लिए। दुकान संचालक ने विरोध किया तो एक बदमाश ने कट्टे के बट से उसके सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने दुकान से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेटना शुरू कर दिया।

इसी दौरान दुकान कर्मचारी राहुल कुमार विश्वकर्मा ने बदमाशों को रोकने और पिस्टल पकड़ने का प्रयास किया। एक आरोपी ने उस पर गोली चला दी, जो राहुल की कलाई में लगी। वारदात के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए दो मोटरसाइकिलों से फरार हो गए।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों का पीछा किया। सूचना मिली कि आरोपी दो मोटरसाइकिलों से अनपरा की ओर भाग रहे हैं। अनपरा बस्ती के पहले एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद पुलिस ने झारखंड निवासी लकी कुमार पासवान और अनुराग कुमार चंद्रवंशी को पकड़ लिया। दोनों घायल थे और उन्हें उपचार के लिए नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने उनके कब्जे से अपाचे मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण, 54,200 रुपये नकद और लूटा गया वीवो मोबाइल बरामद किया। वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस की मदद से सोनभद्र निवासी रोशन स्वीपर को भी पकड़ा गया। वह पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हुआ था और उसका उपचार रावटसगंज अस्पताल में चल रहा है।

अब तक पुलिस करीब 200.7 ग्राम सोना, 205.410 ग्राम चांदी, 1 लाख 4 हजार 200 रुपये नकद, दो अपाचे मोटरसाइकिल, एक पिस्टल और दो कट्टे बरामद कर चुकी है। पुलिस फरार दो आरोपियों की तलाश में मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों में दबिश दे रही है।

Author

Related Articles

Back to top button