दिव्यांग हितग्राहियों को व्हीलचेयर और मोटराइज्ड साइकिल वितरित
जन विश्वास अभियान के शिविर में तीन दिव्यांगजनों को मिली सहायक उपकरणों की सौगात

सिंगरौली। जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर में दिव्यांग हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। शिविर के दौरान तीन दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार व्हीलचेयर एवं मोटराइज्ड साइकिल प्रदान की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि संबंधित दिव्यांगजनों को डीडीआरसी सेंटर बैढ़न के माध्यम से फिजियोथैरेपी एवं आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उनकी शारीरिक स्थिति और आवश्यकता का आकलन करते हुए उपचार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि फिजियोथैरेपी के माध्यम से दिव्यांगजनों की शारीरिक क्षमता में सुधार के लिए आवश्यक उपचार किया जाएगा। आवश्यकता होने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह के अनुसार सर्जरी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके पुनर्वास और दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाना है।
शिविर के माध्यम से सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ दिव्यांगजनों के उपचार, पुनर्वास और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जा रही है।










