पॉक्सो आरोपी शिक्षक ने एसपी कार्यालय की तीसरी मंजिल से कूदकर दी जान

रामनगर। कर्नाटक के रामनगर जिले में बच्चों के यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार फिजिकल एजुकेशन टीचर शशिधर ने रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर कूदकर जान दे दी। गंभीर चोट लगने के बाद अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
शशिधर चन्नपटना तालुक के अक्कुर होसाहल्ली गांव का रहने वाला था और पिछले करीब 15 वर्षों से एक सहायता प्राप्त हाईस्कूल में फिजिकल एजुकेशन टीचर के रूप में कार्यरत था। उसके खिलाफ छात्राओं के यौन शोषण के आरोप में रामनगर महिला पुलिस थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, पांच छात्राओं ने उसके खिलाफ बयान दिए थे।
रामनगर के पुलिस अधीक्षक रोहन जगदीश के अनुसार, चाइल्ड प्रोटेक्शन यूनिट के एक अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि पिछले दो वर्षों के दौरान शिक्षक ने छात्राओं का यौन शोषण किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद रविवार सुबह मेडिकल जांच कराई थी और इसके बाद मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने की तैयारी थी।
मेडिकल जांच के बाद उसे फिंगरप्रिंट दर्ज कराने के लिए एसपी कार्यालय की तीसरी मंजिल स्थित एमसीयू यूनिट में ले जाया गया था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद शशिधर के परिजनों ने पुलिस और स्कूल के प्रधानाध्यापक पर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि शिक्षक पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद थे। घटना को लेकर टाउन पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।













