दिल्ली के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, डीपीएस आरके पुरम कराया खाली

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का सिलसिला एक बार फिर सामने आया है। सोमवार को दिल्ली के कई स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। इनमें आरके पुरम स्थित डीपीएस, ब्लूम पब्लिक स्कूल और एयरफोर्स स्कूल समेत कई स्कूल शामिल बताए जा रहे हैं।
आरके पुरम स्थित डीपीएस को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद एहतियातन स्कूल परिसर खाली करा लिया गया और विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
कुछ दिन पहले बलराम पब्लिक स्कूल को भी मिली थी धमकी
इससे पहले मयूर विहार फेज-1 स्थित बलराम पब्लिक स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। धमकी भरा कॉल आने के बाद स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय कर दी गई थी और दिल्ली फायर सर्विस को भी सूचना दी गई थी।
लगातार स्कूलों को मिल रही धमकियों से विद्यार्थियों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां प्रत्येक सूचना को गंभीरता से लेते हुए स्कूल परिसरों की जांच कर रही हैं। धमकी भरे ईमेल के स्रोत और उसकी विश्वसनीयता का भी पता लगाया जा रहा है।













