फरीदकोट में 47 किलो हेरोइन के साथ चार गिरफ्तार, तीन विदेशी पिस्टल और 15 कारतूस भी बरामद

फरीदकोट। पंजाब के फरीदकोट में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 47 किलो 332 ग्राम हेरोइन बरामद की है। सीआईए स्टाफ ने एक होंडा सिटी कार से चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन विदेशी पिस्टल, मैगजीन और 15 कारतूस भी मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरुहरसहाय के गांव गूदड़ पंजगराई निवासी मंगल सिंह, जलालाबाद के गांव लमोचड़ खुर्द निवासी अंकुश, सचिन उर्फ संजू और अनमोल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बाबा फरीद आगमन पर्व को देखते हुए सीआईए स्टाफ की टीम ने प्रभारी हाकम सिंह के नेतृत्व में सादिक-दीप सिंह वाला सड़क पर गांव काउंनी के पास नाकाबंदी की थी। शनिवार आधी रात के दौरान दीप सिंह वाला की ओर से एक होंडा सिटी कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया। नाके के पास पहुंचते ही कार सड़क किनारे रुकी, लेकिन उसमें सवार युवकों ने अचानक कार को पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान कार बंद हो गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों युवकों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान कार में रखे एक गट्टे से 42 पैकेट बरामद हुए। इनमें हेरोइन थी, जिसका कुल वजन 47 किलो 332 ग्राम पाया गया। इसके अलावा कार के डैशबोर्ड में रखे एक लिफाफे से .30 बोर की तीन विदेशी पिस्टल, मैगजीन और 15 कारतूस बरामद किए गए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने डीएसपी अवतार सिंह राजपाल को मौके पर बुलाया। उनकी निगरानी में कार की तलाशी ली गई। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे फरीदकोट सहित किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।













