बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

गणेश विसर्जन पर 25 सितंबर को कोयला-फ्लाई ऐश परिवहन रहेगा बंद

कलेक्टर ने जारी किया आदेश, 25 सितंबर सुबह 6 से 26 सितंबर सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा प्रतिबंध

सिंगरौली। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सड़क यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सिंगरौली जिले में 25 सितंबर को कोयला एवं फ्लाई ऐश के सड़क मार्ग से परिवहन पर प्रतिबंध रहेगा। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी गौरव बैनल ने पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गणेश उत्सव मनाया जा रहा है। अनंत चतुर्दशी 25 सितंबर को गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न स्थानों से जुलूस और शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में सड़कों पर भीड़ बढ़ने तथा भारी वाहनों के आवागमन से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

आदेश के तहत 25 सितंबर 2026 को सुबह 6 बजे से 26 सितंबर 2026 को सुबह 6 बजे तक पूरे सिंगरौली जिले में सड़क मार्ग से कोयला एवं फ्लाई ऐश का परिवहन प्रतिबंधित रहेगा।

प्रशासन ने आमजन की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित परिवहनकर्ताओं से आदेश का पालन करने की अपील की है। आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 223 एवं अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी गौरव बैनल द्वारा यह आदेश 18 सितंबर 2026 को हस्ताक्षर एवं पदमुद्रा के साथ जारी किया गया है।

Author

Related Articles

Back to top button