ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘नमो अनकही कहानियां’ नुक्कड़ नाटक से विद्यार्थियों को दिया जनजागरूकता का संदेश

गड़हरा विद्यालय में विमल म्यूजिक ग्रुप ने दी प्रभावी प्रस्तुति, जिले के विभिन्न विद्यालयों में भी आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम

सिंगरौली,। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में विद्यार्थियों एवं युवाओं को सामाजिक सरोकारों, जनभागीदारी और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल गड़हरा में ‘नमो अनकही कहानियां’ विषय पर नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विमल म्यूजिक ग्रुप के कलाकारों द्वारा प्रभावी नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई। कलाकारों ने अभिनय, संवाद और संगीत के माध्यम से विभिन्न सामाजिक विषयों को रोचक एवं सरल तरीके से प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति के दौरान कलाकारों ने दैनिक जीवन से जुड़े सामाजिक सरोकारों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि समाज में सकारात्मक बदलाव केवल शासन या प्रशासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता से संभव है। विद्यार्थियों को अपने आसपास के वातावरण के प्रति संवेदनशील रहने, सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। रोचक संवाद एवं प्रभावी अभिनय के कारण विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में विशेष रुचि दिखाई और पूरे उत्साह के साथ नुक्कड़ नाटक का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री राजकुमार विश्वकर्मा, जिला शिक्षा कार्यालय से श्री सर्वेश द्विवेदी, विकासखंड समन्वयक श्री रजनीश मिश्र, विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं विद्यालय परिवार द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिए गए सामाजिक जागरूकता के संदेश की सराहना की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में भी इसी प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों तक सामाजिक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को केवल शिक्षा तक सीमित न रखते हुए उन्हें समाज के प्रति संवेदनशील, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित करना है। विद्यालयों में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देने तथा सामाजिक सरोकारों से विद्यार्थियों को जोड़ने का संदेश दिया गया।

Author

Related Articles

Back to top button