निजी अस्पताल में 4 साल की बच्ची की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप; शव रखकर किया हंगामा

सिंगरौली ।जिले के विंध्यनगर स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार देर रात करीब 12 बजे चार साल की एक बच्ची की दुखद मौत हो गई। बच्ची की मौत से आक्रोशित परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
मोरवा क्षेत्र के झिगुड़दा निवासी कृष्णकांत शाह ने बताया कि उनकी चार वर्षीय बेटी कृतिका को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। इस परेशानी के चलते उसे विंध्यनगर स्थित डॉ. एसके श्रीवास्तव के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम को बच्ची की तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई। हालत गंभीर होती देख डॉक्टरों ने उसे बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन आनन-फानन में बच्ची को लेकर नेहरू अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां जांच करने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्ची की मौत की खबर से टूट चुके परिजन शव को लेकर वापस विंध्यनगर के उसी निजी अस्पताल पहुंच गए। यहां उन्होंने इलाज में भारी लापरवाही का आरोप लगाते हुए डॉक्टर के खिलाफ नाराजगी जताई और हंगामा शुरू कर दिया।
अस्पताल में हंगामे की सूचना मिलते ही तहसीलदार सविता यादव, टीआई अर्चना द्विवेदी और उदय परिहार मौके पर पहुंच गए। इन अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों से बातचीत कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाते हुए समझाया, जिसके बाद मामला शांत हो सका।













