देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

वेल्डिंग के दौरान जिलेटिन की छड़ों में धमाका, चार की मौत, पांच घायल

 

मुंबई। महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के उमरखेड में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। धनकी रोड स्थित एक वेल्डिंग वर्कशॉप में मरम्मत के लिए लाए गए ट्रैक्टर से जुड़ी ट्रॉली में रखी जिलेटिन की छड़ों में वेल्डिंग के दौरान अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर को मरम्मत के लिए वेल्डिंग वर्कशॉप में लाया गया था। इसी दौरान ट्रैक्टर से जुड़ी ट्रॉली में रखी जिलेटिन की छड़ों में अचानक धमाका हो गया। विस्फोट के बाद मौके पर आग लग गई और कुछ ही देर में स्थिति गंभीर हो गई। धमाका इतना तेज था कि ट्रैक्टर के पिछले हिस्से के पास लगा एयर सिलेंडर भी फट गया। विस्फोट और आग की चपेट में आने से कई लोग झुलस गए।

चार लोगों की मौत, पांच घायल

उमरखेड थाने के अधिकारी के मुताबिक, आग से झुलसने के कारण चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हुए हैं। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस एवं प्रशासन के पहुंचने से पहले घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बाद में घायलों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पताल भेजा गया।

जिलेटिन की छड़ें ट्रॉली में कैसे पहुंचीं, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जिलेटिन की छड़ें ट्रैक्टर की ट्रॉली में क्यों रखी गई थीं और वेल्डिंग के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं। हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button