देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

जयपुर में भीषण सड़क हादसा: एक बाइक पर सवार चार दोस्तों को ट्रक ने रौंदा, दो की मौत; दो के पैर कटे

 

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दौलतपुरा थाना क्षेत्र के सर्विस रोड पर पुलिया के नीचे हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने एक ही बाइक पर सवार चार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि घायल युवकों के घुटने से नीचे के पैर कटकर अलग हो गए।

 

दौलतपुरा थाना अधिकारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि चारों युवक एक बाइक पर सवार होकर घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दौलतपुरा सर्विस रोड पर पुलिया के नीचे खेरवाड़ी की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।

 

हादसे में उत्तर प्रदेश निवासी 18 वर्षीय अवकेश और प्रवीण की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं और अत्यधिक खून बहने के कारण उनकी जान चली गई। वहीं विकास और शिवम गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे में दोनों के घुटने से नीचे के पैर कटकर अलग हो गए।

 

घटना की सूचना मिलते ही दौलतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सवाई मानसिंह अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। दोनों मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।

 

पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि ट्रक का पंजीयन उत्तर प्रदेश का है। चारों युवक आपस में दोस्त थे और जयपुर के हरमाड़ा इलाके में स्थित एक फैक्ट्री में काम करते थे। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button