माड़ा पुलिस ने अवैध रेत से लदा हाइवा पकड़ा, चालक गिरफ्तार

सिंगरौली। अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ माड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिना नंबर के हाइवा को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार वाहन में करीब 24 घनमीटर रेत लदी थी। जब्त हाइवा की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ खनिज अधिनियम सहित भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार 27 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रज्जीमिलान क्षेत्र की गर्रा नदी से अवैध रेत लोड कर एक हाइवा कोयलखूंथ की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर माड़ा पुलिस टीम ने ग्राम रौंदी चौराहे पर घेराबंदी की। इसी दौरान रज्जीमिलान की ओर से आ रहे बिना नंबर के हाइवा को पुलिस ने राहगीर गवाहों लालबाबू सिंह और राकेश वैश्य की मदद से रोका।
पुलिस का कहना है कि वाहन रुकते ही चालक हाइवा छोड़कर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम पुष्पेंद्र रजक, उम्र 22 वर्ष, पिता नंदलाल रजक, निवासी शिवपहाड़ी, थाना बैढ़न बताया।
पुलिस के मुताबिक रेत और वाहन के दस्तावेजों के संबंध में चालक को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 94 के तहत नोटिस देकर जानकारी मांगी गई। चालक ने वाहन को सीधीखुर्द निवासी मनोज शाह का बताया। मौके पर रेत परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
पुलिस ने सफेद अगला हिस्सा और नीली बॉडी वाले 12 चक्का हाइवा को जब्त किया है। वाहन में करीब 24 घनमीटर रेत मिली, जिसकी अनुमानित कीमत 45 हजार रुपये बताई गई है। वाहन की कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है। जब्ती की कार्रवाई ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से पूरी कर वाहन को थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
माड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 662/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(5) तथा खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4 और 21 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा, प्रधान आरक्षक संजीत कोल, प्रधान आरक्षक रामसुख यादव, आरक्षक मनोज रावत, अखिल साहू और धीरज सिंह की भूमिका रही।







