राहुल गांधी चुनावी हार से सीखें, संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल न उठाएं : नितिन नवीन

पानीहाटी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया दी। पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे नवीन ने कहा कि राहुल गांधी को अपनी चुनावी हार से सीख लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो जनता चुनाव में अपने मत के माध्यम से जवाब देती रहेगी।
पानीहाटी में मीडिया से बातचीत के दौरान नितिन नवीन ने विपक्ष पर चुनावी हार को स्वीकार नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस जैसे दल उन राज्यों में चुनाव जीतने पर चुनाव आयोग पर सवाल नहीं उठाते, जहां उन्हें सफलता मिलती है, जबकि भाजपा की जीत के बाद चुनाव आयोग और ईवीएम को लेकर सवाल उठाए जाते हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के बजाय विपक्ष को अपनी चुनावी रणनीति और प्रदर्शन पर विचार करना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि जनता के जनादेश को समझते हुए नई राजनीतिक रणनीति और कार्यशैली पर विचार करने की जरूरत है।
पश्चिम बंगाल के अपने दौरे का उल्लेख करते हुए नवीन ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और उनकी टीम की भी प्रशंसा की। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में काम किया है और करीब पांच महीने के कार्यकाल में कई संकल्पों को पूरा करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।







