देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

मदुरै में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में 15 से अधिक लोग बेहोश

 

मदुरै। तमिलनाडु के मदुरै में सोमवार को मुख्यमंत्री विजय के एक कार्यक्रम के दौरान 15 से अधिक लोगों के बेहोश होने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बताया गया कि तेज गर्मी के बीच लोग करीब तीन घंटे तक बिना पानी के इंतजार कर रहे थे। मुख्यमंत्री के पहुंचने के बाद भीड़ में धक्का-मुक्की होने से कई लोग एक-एक कर बेहोश हो गए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मुख्यमंत्री विजय मदुरै में ताई मामन गोल्ड रिंग योजना के शुभारंभ के लिए पहुंचे थे। योजना का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने सरकारी राजाजी अस्पताल में पात्र बच्चों को सोने की अंगूठियां पहनाईं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अस्पताल के सामने सड़क पर दो स्तरीय बाड़, बांस और लोहे के बैरियर लगाए गए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गर्मी में लंबे समय तक इंतजार करने के दौरान बच्चों, महिलाओं और अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। मुख्यमंत्री के अस्पताल पहुंचने के बाद 15 से अधिक लोग बेहोश हो गए। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें संभाला, पानी और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया तथा अस्पताल पहुंचाया।

कुछ परिजनों ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के सुरक्षा वाहनों के सड़क के बीच खड़े होने के कारण एम्बुलेंस के अस्पताल तक पहुंचने में परेशानी हुई। हालांकि, पुलिसकर्मियों द्वारा तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद कुछ समय के लिए अस्पताल के बाहर भीड़ में अफरा-तफरी रही।

तमिलनाडु सरकार की ताई मामन गोल्ड रिंग योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले पात्र बच्चों को एक ग्राम वजन की सोने की अंगूठी दिए जाने की योजना है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री अरुण राज, कानून मंत्री निर्मल कुमार, उच्च शिक्षा मंत्री विश्वनाथ, जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण और कई विधायक एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Author

Related Articles

Back to top button