बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती” – संभागीय उपायुक्त जे.पी. यादव

संभागीय उपायुक्त ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र, कहा– निरंतर प्रयास से मिलेगी मंजिल

सिंगरौली, 29 सितम्बर 2026। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सिंगरौली में विद्यार्थियों के साथ प्रेरणा संवाद आयोजित किया गया। जनजातीय कार्य विभाग के संभागीय उपायुक्त श्री जे.पी. यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में समस्याएं सभी के सामने आती हैं, लेकिन सफलता उन्हीं को मिलती है जो कठिनाइयों से घबराए बिना निरंतर प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि समस्या के आकार को देखकर पीछे हटने के बजाय उसके समाधान के लिए उससे कई गुना अधिक प्रयास करना चाहिए। समय की महत्ता बताते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से आज का काम कल पर न टालने और समय का सदुपयोग करने की अपील की।

श्री यादव ने कहा कि असफलता मिलने पर निराश होने के बजाय प्रयास जारी रखना चाहिए, क्योंकि “मन के हारे हार है और मन के जीते जीत।” उन्होंने विद्यार्थियों के साथ “लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती” कविता का सामूहिक पाठ कराते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने आत्मअनुशासन, एकाग्रता, निरंतरता और कड़ी मेहनत को सफलता की आधारशिला बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों को दूसरों से तुलना करने के बजाय स्वयं से प्रतियोगिता करनी चाहिए। माता-पिता के त्याग का सम्मान करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी मेहनत और सफलता से उन्हें गौरवान्वित करने का आह्वान किया।

प्रेरणा संवाद के दौरान श्री यादव ने शिक्षकों से कमजोर विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशील रहते हुए उनका मनोबल बढ़ाने की अपील की। लगभग दो घंटे चले कार्यक्रम में उन्होंने समय प्रबंधन, अनुशासन, प्राथमिकता, मेहनत और लक्ष्य के प्रति जुनून जैसे विषयों पर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उनके सवालों के जवाब दिए। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को प्रेरणादायी बताते हुए लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्राचार्य श्री जितेन्द्र सिंह, कार्यवाहक प्राचार्य श्रीमती मनप्रीत कौर, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। स्वागत भाषण कार्यवाहक प्राचार्य श्रीमती मनप्रीत कौर, आभार प्रदर्शन शिक्षक श्रीमती अर्पिता तथा संचालन श्रीमती गीता राजपूत ने किया।

Author

Related Articles

Back to top button