सुरक्षित गर्भपात सेवाओं को सुदृढ़ करने पर स्वास्थ्य विभाग की बैठक आयोजित
अंतरराष्ट्रीय सुरक्षित गर्भपात दिवस के अवसर पर सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं, परामर्श एवं रेफरल व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर

सिंगरौली, 29 सितंबर 2026। अंतरराष्ट्रीय सुरक्षित गर्भपात दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के सभागार में सुरक्षित गर्भपात सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बैठक आयोजित की गई। बैठक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री आर.डी. पांडेय, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. यू.के. सिंह, डॉ. सरिता, डॉ. ऋषभ दुबे, बीएमओ बैढ़न डॉ. अभय रंजन सहित जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, डीपीएचएनओ, सीएसी प्रदाता एवं चिकित्सा अधिकारी, एमएच समन्वयक, एपीएम, डीसीएम, नर्सिंग मेंटर एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में सुरक्षित गर्भपात सेवाओं, व्यापक गर्भपात देखभाल सेवाओं (सीएसी), चिकित्सा गर्भसमापन अधिनियम (एमटीपी अधिनियम) के प्रावधानों तथा स्वास्थ्य संस्थाओं में उपलब्ध सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किए जाने पर विस्तार से चर्चा की गई। महिलाओं को समय पर सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ आवश्यक परामर्श, समयबद्ध रेफरल व्यवस्था तथा स्वास्थ्यकर्मियों में सुरक्षित गर्भपात सेवाओं के संबंध में जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने अपने-अपने स्तर पर किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी साझा की तथा सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। बैठक के अंत में डीपीएचएनओ श्रीमती प्रियंका पाठक द्वारा सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।













