देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

बल्क एफडी की ब्याज दरें रोज वेबसाइट पर बताएंगे बैंक

 

नई दिल्ली। बैंकिंग क्षेत्र में 1 अक्टूबर 2026 से बल्क फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) से जुड़ा नया नियम लागू होने जा रहा है। भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देश के तहत बैंकों को अब प्रत्येक कार्यदिवस अपनी वेबसाइट पर बल्क एफडी की ब्याज दरें सार्वजनिक रूप से अपडेट करनी होंगी। इसका उद्देश्य बड़ी रकम जमा करने वाले ग्राहकों और संस्थानों के लिए ब्याज दरों में पारदर्शिता बढ़ाना है।

नए नियम के अनुसार बैंक सुबह 10 बजे तक उस दिन की बल्क एफडी की ब्याज दरें वेबसाइट पर प्रकाशित करेंगे। इसके लिए 10 मिनट की अतिरिक्त मोहलत होगी और अधिकतम सुबह 10:10 बजे तक दरें अपडेट की जा सकेंगी। बैंक को उसी दिन वेबसाइट पर प्रकाशित दर के आधार पर बल्क एफडी स्वीकार करनी होगी।

3 करोड़ रुपये या अधिक की जमा पर लागू

यह व्यवस्था मुख्य रूप से बल्क डिपॉजिट पर लागू होगी। सामान्य तौर पर कमर्शियल बैंकों में 3 करोड़ रुपये या उससे अधिक की जमा राशि को बल्क डिपॉजिट माना जाता है। इसलिए सामान्य ग्राहकों की छोटी या नियमित एफडी पर इसका सीधा असर नहीं पड़ेगा।

एक ही बैंक की अलग-अलग शाखाएं समान राशि और समान अवधि की बल्क एफडी पर मनमाने तरीके से अलग-अलग ब्याज दरें नहीं दे सकेंगी। इससे बड़े जमाकर्ताओं को ब्याज दर जानने के लिए अलग-अलग शाखाओं के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी। कुछ विशेष परिस्थितियों में एलसीआर से जुड़े नियमों के तहत अलग दर की अनुमति हो सकती है।

इस बदलाव से बड़े जमाकर्ताओं और संस्थानों को रोजाना ब्याज दरों की जानकारी मिल सकेगी और विभिन्न बैंकों की दरों की तुलना करना भी आसान होगा।

Author

Related Articles

Back to top button