स्कॉर्पियो की टक्कर से युवक की मौत, घायल को सुनसान जगह छोड़कर भागा चालक गिरफ्तार
पिपरखड़ में हादसे के बाद युवक को अस्पताल ले जाने के बजाय माल पहाड़ में छोड़ने का आरोप, पुलिस ने वाहन किया जब्त

सिंगरौली। मोरवा थाना क्षेत्र के पिपरखड़ गांव के पास स्कॉर्पियो की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में मौत हो गई। हादसे के बाद चालक पर घायल युवक को अस्पताल ले जाने के बजाय बरगवां के सुनसान माल पहाड़ क्षेत्र में सड़क किनारे छोड़कर फरार होने का आरोप है। मामले में मोरवा पुलिस ने चालक गौरव मिश्रा को गिरफ्तार कर स्कॉर्पियो जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार मृतक प्रदीप साकेत पैदल जा रहा था। इसी दौरान पिपरखड़ के पास स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि हादसे के बाद चालक ने उसे अस्पताल पहुंचाने की बात कहकर वाहन में बैठाया, लेकिन अस्पताल ले जाने के बजाय बरगवां के माल पहाड़ क्षेत्र में ले जाकर सड़क किनारे छोड़ दिया और वहां से वाहन सहित चला गया।
सड़क किनारे युवक के पड़े होने की सूचना मिलने के बाद मोरवा और बरगवां पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान हादसे में स्कॉर्पियो के शामिल होने की जानकारी सामने आई। स्थानीय लोगों द्वारा वाहन का नंबर नोट किए जाने तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।
पुलिस के मुताबिक आरोपी वाहन लेकर पड़ोसी जिले की ओर चला गया था। सुरागों के आधार पर उसकी पहचान कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि गौरव मिश्रा दिल्ली-गुरुग्राम से एनसीएल में कार्यरत अपनी बहन के पास मोरवा आया था। वापस लौटते समय पिपरखड़ के पास हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार घटना के बाद घबराहट में उसने घायल को सुनसान स्थान पर छोड़ दिया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।











