जन चौपाल में पुलिस ने सुनी आमजन की समस्याएं
जिले के सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में एक साथ हुआ आयोजन, साइबर अपराध और नशे से बचाव को लेकर किया जागरूक

सिंगरौली। पुलिस और आमजन के बीच सीधे संवाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिंगरौली जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में बुधवार को ‘जन चौपाल-आपकी पुलिस आपके द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने तथा संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जन चौपाल में नागरिकों ने कानून व्यवस्था, यातायात, सड़क सुरक्षा, रात्रि गश्त, अवैध गतिविधियों, नशे की रोकथाम, महिला एवं बाल सुरक्षा सहित स्थानीय समस्याओं से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस दौरान साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस ने ओटीपी, पिन, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा फर्जी कॉल और ऑनलाइन ऑफर से सावधान रहने की सलाह दी। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की जानकारी दी गई।
नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान के तहत युवाओं को नशे के दुष्परिणाम बताए गए। पुलिस ने नशा तस्करी या अवैध बिक्री की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की और सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही। इसके अलावा महिला सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति भी नागरिकों को जागरूक किया गया। लोगों से हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई।











