बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर की अध्यक्षता में बंधा कोल ब्लाक परियोजना के भू-अर्जन एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित

पुनर्वास नीति के अनुसार पात्र विस्थापित परिवारों को सभी देय लाभ और सुविधाएं सुनिश्चित करें : कलेक्टर

सिंगरौली,। कलेक्टर श्री गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बंधा कोल ब्लॉक एवं टीएचडीसी कोल माइंस परियोजना के अंतर्गत विस्थापित एवं प्रभावित परिवारों के भू-अर्जन, पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने निजी भूमि अधिग्रहण की स्थिति, अनुमोदित पुनर्वास नीति के अनुसार विस्थापित परिवारों की संख्या, पुनर्वास नीति के अंतर्गत दिए जा रहे लाभ तथा आरएनआर कॉलोनी में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने विस्थापन एवं पुनर्वास प्रक्रिया से संबंधित समस्याओं तथा प्रभावित परिवारों से जुड़े विभिन्न प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुनर्वास नीति के अनुसार पात्र सभी विस्थापित परिवारों को नियमानुसार देय लाभ एवं सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। प्रभावित एवं भूमि विस्थापित परिवारों का निर्धारित परिभाषा के अनुसार वर्गीकरण कर उन्हें नीति के अनुरूप लाभ दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि देय भत्तों का भुगतान अवार्ड दिनांक से सुनिश्चित किया जाए। भू-अर्जन, पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन से संबंधित लंबित प्रकरणों में संबंधित विभाग एवं परियोजना प्रबंधन आपसी समन्वय से कार्यवाही में तेजी लाएं तथा निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने शिक्षा एवं स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विस्थापित परिवारों के बच्चों को नीति के अनुसार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा विद्यालयों में बेहतर शिक्षकों की भर्ती सुनिश्चित की जाए। शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता की जांच की जाए। विस्थापित परिवारों के बच्चों को नीति के अनुसार छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने विद्यालयों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए व्यवस्थित खेल मैदान, बास्केटबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट सहित आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही आरएनआर कॉलोनी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाओं को प्रभावी रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने आरएनआर कॉलोनी में विद्यालय भवन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन, हाट बाजार परिसर, सार्वजनिक शौचालय, खेल मैदान, उचित मूल्य दुकान, सड़क, नाली, विद्युत एवं स्ट्रीट लाइट सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने जल निकासी के लिए पक्की नालियों की व्यवस्था तथा कॉलोनी में पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने तथा उपलब्ध पेयजल की गुणवत्ता की जांच कर 15 दिवस के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जल निगम की परियोजना के माध्यम से स्थायी पेयजल व्यवस्था के लिए आवश्यक अनुबंध करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने आरएनआर कॉलोनी से संबंधित समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं बेहतर समन्वय के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन का गठन कर एसडीएम कार्यालय में पंजीयन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कॉलोनीवासियों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर चिन्हित कर संबंधित विभागों के माध्यम से समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने करमटोला तेंदुआ गौशाला में विद्युत एवं जल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा गौशाला में मौजूद सभी पशुओं का गौसंवर्धन बोर्ड में पंजीयन कराने के निर्देश दिए।

रोजगार के संबंध में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कंपनियों द्वारा उनके अधीनस्थ कांट्रेक्टरों का एनएपीएस एवं एनएटीएस में पंजीयन कराया जाए तथा क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं से प्रभावित क्षेत्र के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कंपनियां प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करें। कलेक्टर ने प्रभावित क्षेत्रों में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित कर आमजन एवं विस्थापित परिवारों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर पात्र प्रकरणों का मौके पर निराकरण करें।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विस्थापन एवं पुनर्वास से जुड़े परिवारों को शासन की नीति के अनुरूप सभी लाभ उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता, तत्परता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। बैठक के दौरान अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी, एसडीएम देवसर श्री सुशीर श्रीकृष्ण श्रीराम, तहसीलदार श्री दिपेन्द्र सिंह तिवारी, सांसद प्रतिनिधि श्री राजकुमार दुबे, विधायक प्रतिनिधि देवसर श्री प्रदीप शाह, जनपद अध्यक्ष देवसर श्री प्रणव पाठक, जनपद अध्यक्ष बैढ़न श्रीमती सविता सिंह, सरपंच श्री देवेन्द्र पाठक, श्री छोटे सिंह मरावी, परियोजना प्रमुख श्री संजीव कुमार मित्तल, श्री रमेश रतन पाठक सहित संबंधित परियोजनाओं के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button