देश ही नहीं विदेशों में फैला साम्राज्य भारत में धर्मगुरु हैं अकूत संपति के मालिक

पोल खोल पोस्ट
भारत में आध्यात्मिकता और धर्म का गहरा महत्व है। यहां धार्मिक गुरुओं का प्रभाव लोगों के जीवन पर पड़ता है। ये गुरु न केवल आध्यात्मिक मार्गदर्शन देते हैं बल्कि कई गुरुओं ने अपने संगठनों, ट्रस्टों और बिजनेस साम्राज्यों के जरिए अकूत संपत्ति भी हासिल की है।
कुछ ऐसे बाबाओं हैं जिनकी कुल नेटवर्थ करोड़ों की है। उनमें स्वामी नित्यानंद जिनका नाम विवादों से जुड़ा रहा है। दावा किया जाता है कि भारत के सबसे अमीर धार्मिक गुरुओं में वह टॉप पर है।
रिपोर्ट के मुताबिक उसकी अनुमानित संपत्ति करीब 10,000 करोड़ रुपए है। नित्यानंद ध्यानपीठम फाउंडेशन के संस्थापक नित्यानंद के पास दुनिया भर में मंदिर, गुरुकुल और आश्रमों का बहुत बड़ा नेटवर्क है। इस संगठन के जरिए योग, ध्यान और आध्यात्मिक शिक्षाओं का प्रचार किया जाता है। हालांकि कानूनी विवादों और विवादास्पद बयानों की वजह से वह सुर्खियों में रहते हैं।
इसके बावजूद उनके फॉलोअर्स की संख्या और संपत्ति में कमी नहीं आई है।
वहीं योग गुरु बाबा रामदेव ने पतंजलि आयुर्वेद के जरिए बिजनेस साम्राज्य खड़ा किया है। माना जाता है कि रामदेव के नेतृत्व वाली कंपनी पतंजलि की अनुमानित संपत्ति करीब 1600 करोड़ रुपए है। पतंजलि योगपीठ और दिव्य योग मंदिर ट्रस्ट की देश भर में कई शाखाएं हैं। बाबा रामदेव को कई बार कोर्ट से फटकार भी लग चुकी है।
केरल में अम्मा के नाम से मशहूर माता अमृतानंदमयी केरल की एक ऐसी संत हैं, जो अमृतानंदमयी ट्रस्ट की देखरेख करती हैं। माना जाता है कि इस ट्रस्ट की संपत्ति करीब 1500 करोड़ रुपए आंकी गई है। यह ट्रस्ट देश-विदेश में स्कूल, अस्पताल और सामाजिक कार्यों में योगदान देता है।
डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम कई आरोपों के चलते जेल में हैं। इसके बावजूद वह देश के रईस धार्मिक गुरुओं में शामिल हैं। उसकी अनुमानित संपत्ति 1455 करोड़ रुपए है। 1990 से डेरा सच्चा सौदा का नेतृत्व करने वाले राम रहीम के पास हजारों फॉलोअर्स हैं। इनकी संख्या हरियाणा और पंजाब में सबसे ज्यादा है।
वहीं श्री श्री रविशंकर देश के सबसे मशहूर गुरुओं में से एक हैं। दुनियाभर के 150 देशों में उनके 30 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वह कई आयुर्वेदिक दवाओं का भी कारोबार करते हैं। इनकी संपत्ति 1000 करोड़ रुपए से ज्यादा आंकी जाती है।












