पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का 91 वर्ष की आयु में निधन, देश में शोक की लहर

मुंबई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे और उनका इलाज लातूर स्थित उनके आवास ‘देवघर’ में चल रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
शिवराज पाटिल चाकुरकर भारतीय राजनीति की एक महत्वपूर्ण और प्रभावशाली शख्सियत रहे। वे 2008 के मुंबई आतंकी हमले के दौरान देश के गृह मंत्री थे। इस हमले के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। पाटिल लोकसभा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और कई बार केंद्र में महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
मराठवाड़ा और महाराष्ट्र की राजनीति में उनका बड़ा प्रभाव माना जाता था। लातूर जिले के चाकुर के रहने वाले पाटिल लातूर लोकसभा सीट से सात बार सांसद चुने गए। 2004 लोकसभा चुनाव में हार के बावजूद उन्होंने राज्यसभा के माध्यम से केंद्रीय गृह मंत्री का पद संभाला और अपनी सेवाएँ जारी रखीं।
उनके निधन से कांग्रेस पार्टी सहित पूरे देश में शोक की लहर है। नेताओं, कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों ने उनके देहांत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पार्टी ने कहा कि शिवराज पाटिल का जाना कांग्रेस और देश की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति है।













