देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

नीतीश के समर्थन पर प्रशांत किशोर की शर्त, बोले- कैमरे के सामने नीरज के पक्ष में बोलें तो प्रत्याशी वापस ले लेंगे

पटना स्नातक सीट पर जदयू के नीरज कुमार और जन सुराज के अनुज सिंह आमने-सामने

पटना। बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक निर्वाचन सीट को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने एक शर्त रखी है। उन्होंने कहा कि यदि नीतीश कुमार स्वयं कैमरे के सामने आकर नीरज कुमार के समर्थन में एक लाइन बोल दें और उनके लिए वोट मांग लें, तो जन सुराज अपने प्रत्याशी अनुज सिंह का नामांकन वापस लेने को तैयार है।

प्रशांत किशोर ने मंगलवार को पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि नीरज कुमार लगातार नीतीश कुमार के नाम पर समर्थन मांग रहे हैं। ऐसे में उन्होंने नीरज कुमार से कहा कि यदि वास्तव में उन्हें मुख्यमंत्री का समर्थन प्राप्त है तो नीतीश कुमार को सार्वजनिक रूप से उनके पक्ष में बोलना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी कथित एआई वीडियो के बजाय नीतीश कुमार का स्वयं कैमरे के सामने आकर बयान देना उनकी शर्त है।

पटना स्नातक सीट पर जदयू ने मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार को फिर उम्मीदवार बनाया है, जबकि जन सुराज ने अनुज सिंह को मैदान में उतारा है। इस बीच जदयू विधायक अनंत सिंह ने भी नीरज कुमार के बजाय अनुज सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया है, जिससे मुकाबले को लेकर राजनीतिक चर्चा और बढ़ गई है।

प्रशांत किशोर ने अनंत सिंह के समर्थन पर कहा है कि अनंत सिंह जन सुराज के सदस्य नहीं हैं और पार्टी की जिम्मेदारी उसके उम्मीदवारों तथा कार्यकर्ताओं तक सीमित है। उनका कहना है कि कोई अन्य व्यक्ति किसी उम्मीदवार का समर्थन करता है तो पार्टी उसे रोक नहीं सकती।

अब प्रशांत किशोर की इस चुनौती के बाद निगाहें नीतीश कुमार के सार्वजनिक रुख पर हैं। उनके बयान से पटना स्नातक सीट का चुनावी मुकाबला एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है।

Author

Related Articles

Back to top button