एलन मस्क की दौलत में एक दिन में रिकॉर्ड 6.26 लाख करोड़ की बढ़ोतरी
स्पेसएक्स और टेस्ला के शेयरों में तेजी से नेटवर्थ बढ़कर 1.04 ट्रिलियन डॉलर पहुंची

न्यूयॉर्क। दुनिया के सबसे अमीर कारोबारियों में शामिल एलन मस्क की संपत्ति में सोमवार को रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, महज 24 घंटे में उनकी नेटवर्थ करीब 65 अरब डॉलर यानी लगभग 6.26 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई। इसके साथ ही मस्क की कुल संपत्ति बढ़कर करीब 1.04 ट्रिलियन डॉलर हो गई और वह एक बार फिर ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति वाले क्लब में पहुंच गए।
मस्क की संपत्ति में यह उछाल मुख्य रूप से स्पेसएक्स और टेस्ला के शेयरों में आई तेजी के कारण हुआ। सोमवार को स्पेसएक्स के शेयरों में 7.63 प्रतिशत और टेस्ला के शेयरों में 2.20 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मस्क की कुल संपत्ति का बड़ा हिस्सा इन्हीं दोनों कंपनियों में उनकी हिस्सेदारी से जुड़ा है।
पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब मस्क की संपत्ति ट्रिलियन डॉलर के स्तर पर पहुंची है। इससे पहले जून में स्पेसएक्स के आईपीओ के बाद वह पहली बार ट्रिलियनेयर बने थे। हालांकि बाद में शेयरों में गिरावट के चलते उनकी संपत्ति में भारी कमी आई थी।
2026 में अब तक मस्क की नेटवर्थ में करीब 589 अरब डॉलर की वृद्धि बताई गई है। इस दौरान स्पेसएक्स और टेस्ला के शेयरों में लगातार तेजी ने उनकी संपत्ति को नई ऊंचाई दी है। टेस्ला की बेहतर बिक्री और स्पेसएक्स को लेकर निवेशकों के बढ़ते भरोसे को भी इस तेजी की प्रमुख वजह माना जा रहा है।













