होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाज पर हमला, 11 भारतीय घायल
पनामा के झंडे वाले जहाज पर प्रोजेक्टाइल से हमला, ओमान में घायलों का इलाज जारी

नई दिल्ली, 6 अक्टूबर। होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक वाणिज्यिक जहाज पर मंगलवार को हुए हमले में 11 भारतीय नाविक घायल हो गए। भारत के विदेश मंत्रालय ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों पर गंभीर चिंता जताई है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, पनामा के झंडे वाले जहाज एमटी ऑन पीस (आईएमओ 9893204) पर ओमान के तट के पास हमला हुआ। जहाज पर 19 सदस्यीय चालक दल सवार था, जिसमें 17 भारतीय नागरिक शामिल थे। हमले के दौरान एक प्रोजेक्टाइल जहाज से टकराया, जिससे कुल 12 चालक दल सदस्य घायल हुए। इनमें 11 भारतीय नागरिक हैं।
ओमानी अधिकारियों की सहायता से सभी घायल सदस्यों को जहाज से सुरक्षित निकालकर ओमान के खासाब ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। भारत ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग के लिए ओमानी अधिकारियों का आभार जताया है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। भारत ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता के हित में ऐसे हमलों को तत्काल रोकने की अपील दोहराई है।
मंत्रालय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों के जरिए सुरक्षित नौवहन और निर्बाध व्यापार जल्द बहाल किया जाना जरूरी है। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है, इसलिए यहां तनाव का असर व्यापक स्तर पर पड़ सकता है।













